सबने माना “धामी” जैसा कोई नहीं, लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों मे पुष्कर धामी की जगह आज भी अडिग

धामी को लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों मे स्थान मिलना राज्य के लिए गौरव का विषय: भट्ट

देहरादून। देश के एक मीडिया समूह के सर्वे मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भाजपा शासित राज्यों मे लोकप्रिय मुख्यमंत्री की सूची मे स्थान दिया गया है। उत्तराखंड भाजपा संगठन ने यह सम्मान मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए सीएम को बधाई दी है।

देश के युवा मुख्यमंत्रियों में शुमार पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता से देशभर में योगी के बाद भाजपा शासित राज्यों में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री का खिताब हासिल किया है और इसके पीछे मुख्यमंत्री धामी के कई फ़ैसले देशभर में नजीर बने हैं । उनके बड़े फैसलों और राज्य के विकास को लेकर लिए गए नीतिगत निर्णयों से अलग छवि उभरी है। खासकर मातृशक्ति और युवा वर्ग में राज्य के हित में लिए गए फैसलों से मुख्यमंत्री धामी खासे चहेते हैं।

देश के एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह द्वारा अपने ऑनलाइन प्लेटफार्म पर सीएम योगी के बाद भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री को लेकर पोल कराया। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम पर 51.1 फीसद जनता ने पोल कर सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री पर मुहर लगाई है। जबकि पोल के दौरान जनता ने कमेंट के माध्यम से भी मुख्यमंत्री धामी के फैसलों और कामकाज की खुलकर तारीफ की है। यह सुखद एवं उत्तराखण्ड के गौरव बढ़ाने की बात है ।

विकास कार्यों को लेकर नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों(एसडीजी) रैंकिंग में भी देश भर में उत्तराखंड को पहला स्थान दिलाकर मुख्यमंत्री धामी ने अपने काम पर लोकप्रियता की लंबी लकीर खींची है। इधर, मुख्यमंत्री धामी की आमजनों के बीच तथा सोशल मीडिया में भी खासी लोकप्रियता है। कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री धामी प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह के बाद देश में सबसे ज्यादा फ़ॉलो किए जाने वाले नेताओं की सूची में दर्ज हो चुके हैं। अकेले फेसबुक पेज पर उनके फॉलोवर्स एक करोड़ पार हैं।

लिए गए बड़े फैसलों में देश का पहला सख्त नकलरोधी कानून लागू कर मुख्यमंत्री धामी ने देश के लिए नजीर पेश की है। खासकर उत्तराखंड के बाद यूपी और केंद्र सरकार ने कड़ा नकलरोधी कानून लागू किया है। इसके अलावा संविधान में दी गई समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी कानून की व्यवस्था को सबसे पहले राज्य में लागू करने का निर्णय लेकर देशभर में मिसाल कायम की है। सैकड़ों हेक्टेयर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर लैंड जिहाद पर प्रभावी कार्रवाई, सख्त दंगारोधी कानून, धर्म परिवर्तन कानून जैसे कई बड़े कानून अमल मे लाये गए।

सिलक्यारा सुरंग आपदा में 41 मजदूरों का सकुशल रेस्क्यू, जोशीमठ आपदा से निपटने से लेकर हल्द्वानी और राज्य में हाल ही में केदारनाथ आपदा समेत अन्य स्थानों पर आई आपदा में मुख्यमंत्री धामी ने बड़ी सूझबूझ से जिम्मेदारी निभाई है। कुशल राजनीतिज्ञ की भूमिका में भी युवा मुख्यमंत्री धामी ने लोकसभा चुनाव में देशभर में जहां ताबड़तोड़ जनसभाएं की हैं, वहीं उत्तराखंड की पांचों सीटों पर रिकॉर्ड वोटों से जीत दिलाई है। हर लिहाज से राज्य के विकास को गति दे रहे धामी के नेतृत्व मे राज्य देश के श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी मे बढ़ने की दिशा मे अग्रसर है।