पुलिस चौकी के निकट मिला महिला का क्षत-विक्षत शव

पुलिस बता रही दुर्घटना, नहीं हो पाई महिला की शिनाख्त

देहरादून: आज सुबह चौकी आराघर आकर सूचना दी गयी कि सीएसडी कैन्टीन आराघर के सामने रोड पर एक महिला का शव क्षत-विक्षत स्थिति में पडा हुआ है। उक्त स्थान डालनवाला थाने की आराघर पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर है।
इस सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचीं तो देखा कि एक महिला का शव क्षत-विक्षत स्थिति में पडा हुआ था। महिला की उम्र- लगभग 50 से 60 वर्ष प्रतीत हो रही थी, उक्त महिला ने लाल रंग की चूडीदार पैजामी, बाँये पैर में पायल तथा बैंगनी रंग का कुर्ता पहने थी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि किसी अज्ञात वाहन द्वारा तेजी व लापरवाही से वाहन को चलाकर मृतका को टक्कर मारी गयी है, जिससे उक्त महिला की मृत्यु हुयी है। मृतका महिला के सम्बन्ध में स्थानीय लोगों से जानकारी की गयी तो महिला के सम्बन्ध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। अज्ञात शव की फोटोग्राफी की गयी।
शव के पास से कोई आई0डी तथा फोन नम्बर जिससे शव की पहचान हो सके प्राप्त नहीं हुआ। अतः अज्ञात महिला के शव को शिनाख्त हेतु 72 घण्टे के लिए कोरोनेशन अस्पताल मोर्चरी में रखा गया है।
अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। उक्त सम्बन्ध में विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।