खुशियां बिखेरने आए थे होल्यार, खुद बन गए काल का ग्रास

चमोली में हुआ बड़ा हादसा, चार लोगों की मौत, होली मना कर लौट रहे थे घर वापस

CHAMOLI: होली से पूर्व उत्तराखंड में एक बड़ी घटना प्रकाश में आई है जिसने होली के रंग में भंग डाल दिया है। उत्तराखंड के जनपद चमोली के चांदपुर पट्टी स्थित बिसौणा गांव के होल्यारों की टोली पौड़ी जिले के पैठाणी क्षेत्र में आई थी। इन होल्यारों की टोली से भरा मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जिसमें चार युवा होल्यारों की मौत हो गई है। जबकि 10 घायल होल्यारों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह पूरी टीम गुरुवार को जनपद चमोली के चांदपुर पट्टी स्थित बिसौणा गांव मैं आई थी और इसमें कुल 14 लोगों की टोली होली का आयोजन पूरा करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। शाम को कार्यक्रम पूरा होने के बाद टीम पैठाणी से वापस लौटने के लिए निकली। इसी दौरान यहां पैठाणी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर चुठानी बैंड के समीप होल्यारो की टोली से भरा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें अमित नेगी (16) पुत्र महेंद्र सिंह की मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि रोहित सिंह (19) पुत्र शेर सिंह, बलंवत सिंह (21) पुत्र कल्याण सिंह व संतोष (22) पुत्र आनंद सिंह सभी बिसौणा गांव निवासियों की सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मौत हो गई है।

अन्य लोगों में बिसौण गांव के ही भूपेंद्र सिंह, मोहित, शिशुपाल, नरेंद्र सिंह, भागवत सिंह, पवन सिंह, दीपक, विक्रम सिंह, लक्ष्मण नेगी व महेंद्र सिंह दुर्घटना में घायल हुए हैं। सभी घायलों को पैठाणी एवं पाबो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार भर्ती कराया गया है।