उत्तराखंड में अभी ठंड से नहीं मिलेगी निजात

उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप
देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और शीतलहर भी अब परेशानियां पैदा कर रही हैं। अभी भी ठंड से अगले कुछ और दिन निजात मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में अगले 1-2 दिन तक शीतलहर की आशंका है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में बढ़ेगा ठंड का प्रकोप

उत्तराखंड में यूं तो अभी से काफी ठंड पड़ने लगी है लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, विदर्भ, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मराठवाड़ा में अलग-अलग इलाकों में मौसम ठंडा रहने के आसार हैं। इसके बाद धीरे-धीरे ठंड कम होगी।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती सर्कुलेशन के रूप में उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। वहीं, दक्षिण तमिलनाडु से दक्षिण कर्नाटक तक ट्रफ रेखा चल रही है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 29 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर-पश्चिम भारत पर 2 फरवरी से असर पड़ने के आसार हैं।

29/30 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाके में बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 29 और 30 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाके में हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है। साथ ही अलग-अलग इलाकों में रात/सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। यह कोहरा अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हावी रहेगा और उसके बाद समाप्त हो जाएगा।