राज्यों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई वैक्सीन

देश में अस्पतालों को 42.15 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराकें उपलब्ध
देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,06,130 है

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज कोरोना वैक्सीन की खुराकों को लेकर राज्य, केंद्रशासित प्रदेशों व प्राइवेट अस्पतालों का आंकड़ा जारी किया। मंत्रालय ने बताया कि 2.11 करोड़ से अधिक खुराकें इनके पास अभी इस्तेमाल के लिए है। अब तक केंद्र की ओर से राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व अस्पतालों को 42.15 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराकें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। यह आंकड़ा 42,15,43,730 है। इसके अलावा 71,40,000 खुराकें अभी पाइपलाइन में हैं जो जल्द ही इन जगहों पर उपलब्ध होंगी।

आज सुबह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 52,67,309 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 41,18,46,401 हो गया है। मंत्रालय ने आज सुबह जारी किए गए डाटा के जरिए बताया कि 2,11,93,241 कोरोना वैक्सीन अभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों और अस्पतालों के पास इस्तेमाल के लिए उपलब्ध है। फिलहाल देश में कोविशील्ड, कोवैक्सीन और स्पुतनिक की खुराकें दी जा रहीं हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 24 घंटे के दौरान देश में COVID-19 के 30,093 नए मामले आए और 374 संक्रमितों की मौत हो गई। इसके बाद अब तक देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,11,74,322 हो गई। वहीं कुल मौतों की संख्या 4,14,482 हो गई है। 45,254 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 3,03,53,710 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,06,130 है।